शाहजहांपुर , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के रोजा थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक का शव बुधवार रात उनके किराए के मकान से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फोरेंसिक जांच के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा (सीओ) ने गुरुवार को बताया कि रोजा थाने में तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह (51) की पत्नी रेखा सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उनके पति का मोबाइल फोन काफी समय से बंद जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ आदर्श नगर कॉलोनी स्थित उनके किराए के मकान पर पहुंचे, जहां मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराते हुए दरवाजा खुलवाया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस के कमरे में प्रवेश करने पर उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह बेड पर मृत अवस्था में पड़े मिले। घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और मृतक के परिजनों को दी गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।मृतक राजेंद्र सिंह मूल रूप से शामली जनपद के सुभाषनगर क्षेत्र के निवासी थे।उनका तबादला 23 जून को खुदागंज थाने से रोजा थाने में हुआ था। बुधवार को वह ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचे थे।

श्री वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृत्यु के कारणों के संबंध में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित