शाहजहांपुर , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना तिलहर क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित पत्नी और उसके पिता को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी तिलहर सीओ इशिका सिंह ने बताया कि थाना तिलहर में 04 दिसंबर 2024 को सुमन देवी ने मुकदमा दर्ज कराया गया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके बेटे राज नारायण गंगवार की शादी मोहल्ला घेरचौबा निकट बाईपास तिराहा की रहने वाली पूजा पटेल से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से राज नारायन का पत्नी पूजा पटेल से विवाद शुरु हो गया था जिससे पूजा पटेल अपने मायके में रह रही थी।
उन्होंने बताया कि जब राज नारायण गंगवार अपनी पत्नी को ने ससुराल से लेने गया तो इसके साथ मारपीट की गई तथा उसे प्रताड़ित और अपमानित किया गया, जिससे आहत होकर उसने 02 दिसंबर 2024 विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान बरेली के निजी अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में थाना तिलहर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीओ ने बताया कि विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में वांछित ओमेन्द्र पटेल (मृतक का ससुर) तथा पूजा पटेल (मृतक की पत्नी) को तिलहर क्षेत्र के घेरचौबा मोहल्ले स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित