शाहजहांपुर , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में चौक कोतवाली पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह मोबाइल फोन और सट्टेबाजी के हिसाब-किताब से संबंधित एक डायरी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर चौक कोतवाली क्षेत्र के भटन टोला मोहल्ले में एक मकान पर छापा मारकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रखर, पराक्रम, नीतेश, विश्वेश, पुरुषार्थ और बाल गोविंद के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे। पूछताछ के दौरान वे सट्टेबाजी संबंधी कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने उनके पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक आईफोन तथा सट्टे के लेन-देन का विवरण दर्ज एक डायरी बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बुकी बकार, देवेश और शेर मोहम्मद के माध्यम से मोबाइल फोन पर आईपीएल मैचों में सट्टा लगवाते थे। आरोपियों के अनुसार डायरी में दर्ज विवरण हाल ही में खेले गए गुजरात और राजस्थान के बीच आईपीएल मैच सहित पूर्व के मैचों में हुई सट्टेबाजी का लेखा-जोखा है।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे मोबाइल फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे और क्यूआर कोड तथा नकद भुगतान के जरिए धन का लेन-देन करते थे। मैच के परिणाम के आधार पर जीतने वाले पक्ष को तय राशि का भुगतान किया जाता था। उन्होंने बताया कि इस अवैध कारोबार से होने वाली आय से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी सट्टेबाजी के संचालन के लिए प्रति माह 10 हजार रुपये भी अदा करते थे। मामले में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित