शाहजहांपुर , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना तिलहर पुलिस और एसटीएफ की बरेली फील्ड इकाई की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2 किलो 790 ग्राम अफीम और 300 ग्राम एल्प्राजोलम बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 13 लाख से रूपये से ज्यादा आंकी गई है।
क्षेत्राधिकारी तिलहर सीओ विदुष सक्सेना ने शुक्रवार को बताया कि थाना तिलहर पुलिस और एसटीएफ की बरेली फील्ड इकाई की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरयू पुलिया से शाहजहांपुर की ओर सर्विस रोड पर आम के पेड़ के पास से तिलहर कस्बा निवासी वैजनाथ (68) और कांट क्षेत्र के कितुकापुर गांव निवासी भूपेन्द्र सिंह (25) को गिरफ्तार किया गया।तलाशी में इनके पास से 02 किलो 790 ग्राम अफीम और 300 ग्राम एल्प्राजोलम बरामद किया है।आरोपियों के पास से 1,090 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी मिले हैं।
उन्होंने पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के हवाले से बताया कि भूपेन्द्र ने बताया कि वह वैजनाथ से अफीम खरीदकर विभिन्न स्थानों पर फुटकर में सप्लाई करता था। उसने यह भी बताया कि वैजनाथ झारखंड से अफीम मंगाकर बेचता था। गुरुवार को वह आगरा निवासी सुरेश चन्द्र के लिए अफीम और नशीला पाउडर लेने आया था, जिसे पहुंचाने के एवज में उसे पांच हजार रुपये मिलने थे।
श्री सक्सेना ने बताया कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और आपूर्ति के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। मामले में सुरेश चन्द्र को भी आरोपी बनाया गया है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में तिलहर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/22/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तस्कर वैजनाथ के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित