शाहजहांपुर , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में विशेष अभियान समूह (एसओजी), निगरानी प्रकोष्ठ और कटरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक किलो 927 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गयी है।

क्षेत्राधिकारी तिलहर (सीओ) प्रिंस शर्मा ने रविवार को बताया कि थाना कटरा क्षेत्र के ग्राम हुलास नंगला पुल के पास सर्विस रोड से मुखबिर की सूचना पर एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक किलो 927 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान झारखंड राज्य के लातेहार जिले के तरबाडी गांव निवासी मुस्ताक अंसारी (35) के रूप में हुई है। बरामद फाइन क्वालिटी अफीम की अंतरराज्यीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये है।

उन्होंने बताया कि वह यह अफीम झारखंड राज्य के चंदवा निवासी अनूप से लेकर आया था और इसे बरेली निवासी रंजीत को देने जा रहा था। आरोपी द्वारा बताए गए अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।थाना कटरा में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित