शाहजहांपुर , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित कचहरी बंदीगृह के शौचालय में शुक्रवार को एक बंदी का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है। बंदी को जिला कारागार से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार थाना पुवायां क्षेत्र के बितौनी गाँव के रहने वाले बंदी दीपक (22) पॉक्सो एक्ट के एक मामले में छह अक्तूबर से जिला कारागार में बंद था। शुक्रवार को उसे पेशी के लिए कचहरी लाया गया था, जहां उसे बंदीगृह की हवालात में रखा गया था। इसी दौरान शौचालय में उसका शव गमछे से लटके होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर गहनता से जांच की।मृतक बंदी के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने थाना सदर बाजार में एक तहरीर दी है जिस पर संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित