सागर , मई 12 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले की शाहगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती राधा खटीक आज पार्षदों के साथ जनसुनवाई में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) विनय मिश्रा की शिकायत लेकर पहुंचीं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार विकासखंड मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में नगर परिषद अध्यक्ष और पार्षदों ने कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि सीएमओ विनय मिश्रा जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य नहीं कर रहे हैं, जिससे शाहगढ़ नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती खटीक ने आरोप लगाया कि सीएमओ किसी की बात नहीं सुनते और न ही अध्यक्ष अथवा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल बनाकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इससे नगर परिषद के विकास कार्य अवरुद्ध हो रहे हैं। कार्रवाई नहीं होने पर नगर परिषद अध्यक्ष पार्षदों के साथ जनसुनवाई परिसर के बाहर गेट पर धरने पर बैठ गईं और शीघ्र कार्रवाई की मांग करने लगीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित