ग्रेटर नोएडा , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में पहले दिन 2,800 बिजनस टू बिजनस (बी2बी) बैठकें हुईं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 का उद्घाटन शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थिति इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया। यह आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा।

पांच दिन तक चलने वाले इस ट्रेड शो का आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (फियो) के सहयोग से किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में फियो के क्षेत्रीय चेयरमैन ( उत्तर क्षेत्र) अरविंद गोयनका और फियो के महानिदेशक और सीईओ डॉ. अजय सहाय के अलावा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के लोग, निर्यातक, विदेशी खरीदार और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए।

फियो की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस व्यापार प्रदर्शनी के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी ने भागीदार देशों-जापान, रूस, वियतनाम, सिंगापुर और बेलारूस-के प्रतिनिधियों के साथ पांच सफल बैठकें कीं। इन देशों के राजनयिकों और प्रमुख व्यापारिक प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश के साथ व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।

फियो के तहत एक अलग बातचीत का भी आयोजन किया गया, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, वियतनाम, जापान, दक्षिण कोरिया, ओमान, नीदरलैंड और अन्य यूरोपीय देशों के 30 प्रमुख विदेशी खरीदारों के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस बातचीत में सोर्सिंग के अवसरों, निवेश की संभावनाओं और उत्तर प्रदेश स्थित उद्यमों के साथ सीधे व्यापारिक संबंधों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

हॉल नंबर 17 में बने खास बी2बी एरिया में पहले दिन 2,800 से ज़्यादा बी2बी बैठकें हुईं। इसमें उत्तर प्रदेश के लगभग 500 एमएसएमई ने हिस्सा लिया, जिससे 140 करोड़ रुपये की बिज़नेस इन्क्वायरी (व्यापारिक पूछताछ) प्राप्त हुईं। ये बैठकें बहुत फायदेमंद रहीं और इनसे अलग-अलग प्रोडक्ट और सर्विस सेक्टर में विदेशी खरीदारों और भारतीय विक्रेताओं के बीच सीधा संपर्क संभव हो सका। 26 सितंबर को, 225 से ज़्यादा विदेशी खरीदारों के बी2बी बैठकों में शामिल होने की उम्मीद है, जिससे व्यावसायिक पूछताछ, सोर्सिंग टाई-अप और एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलने की अच्छी संभावनाएँ हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित