चंपावत , मई 14 -- उत्तराखंड के चंपावत के लोहाघाट स्थित निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए शासन से 16 पदों को मंजूरी मिल गई है।
चंपावत जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में संपन्न कैबिनेट बैठक में लोहाघाट के छमनिया स्थित स्पोर्ट्स कालेज को मंजूरी मिल गई है। इसमें प्रधानाचार्य समेत अन्य पद शामिल हैं।
जानकारों का मानना है कि राज्य सरकार के इस फैसले से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्थाएं मजबूत होंगी। साथ ही कॉलेज में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और संस्थागत सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
सरकार का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। यह कॉलेज राज्य में महिला खेल सशक्तिकरण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार प्रदेश सरकार युवाओं और विशेष रूप से बेटियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नए पदों के सृजन से कॉलेज की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बनेगी तथा छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक और खेल वातावरण मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित