भोपाल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में मेस संचालन को लेकर गंभीर अनियमितताएँ सामने आई हैं। विद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में मेस पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कड़ी चेतावनी दी है, वहीं मेस संचालक संस्था को भी व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मेस से खाद्य सामग्री एवं बर्तन अनधिकृत रूप से छात्रावास में ले जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए प्रशासन ने कहा कि इससे परिसर में अस्वच्छता और अव्यवस्था फैलने के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि मेस पर्यवेक्षक को इस स्थिति की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के उपाय नहीं किए गए, जो कर्तव्य में लापरवाही को दर्शाता है। इस पर उन्हें तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने, मेस संचालन को नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा अनधिकृत रूप से सामग्री ले जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में पुनः ऐसी स्थिति पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

इसी क्रम में मेस संचालक 'कंसोर्टियम सर्विसेज' को लिखे पत्र में भोजन व्यवस्था में कई खामियों की ओर ध्यान दिलाया गया है। शिकायतों में कर्मचारियों की कमी, भोजनालय में साफ-सफाई का अभाव, दाल व सब्जियों में पानी की अधिक मात्रा, चावल का अधपका या गीला होना, चाय की गुणवत्ता खराब होना तथा विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त बर्तन उपलब्ध न होना शामिल हैं।

इसके अलावा कई बार भोजन की मात्रा छात्र संख्या के अनुरूप पर्याप्त नहीं पाई गई, जिससे पुनः भोजन बनाने की स्थिति बनती है और विद्यालय की गतिविधियाँ प्रभावित होती हैं। विद्यालय प्रशासन ने मेस संचालक को निर्देशित किया है कि सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए और अनुपालन की जानकारी तत्काल कार्यालय को दी जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित