कोण्डागांव , फरवरी 13 -- छत्तीसगढ़ में कोण्डागांव में मां दंतेश्वरी शासकीय मक्का प्रसंस्करण केन्द्र से निकलने वाले गंदे पानी, प्रदूषण और दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों ने कोकोड़ी स्थित फैक्ट्री परिसर में उग्र प्रदर्शन किया और जमकर तोड़फोड़ की है।

ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार देर रात फूट पड़ा और लगातार अनदेखी के विरोध में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने कोकोड़ी स्थित केंद्र (फैक्टरी) परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री के गेट तोड़ दिए और परिसर में खड़ी कुछ कारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जगदलपुर और कांकेर जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

शुक्रवार दोपहर तक इलाके में तनाव बना रहा, जिसके चलते फैक्ट्री के आसपास के मार्गों पर आवागमन प्रभावित रहा। भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सका है।

ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाला अपशिष्ट जल सीधे खेतों और नालों में जा रहा है, जिससे फसलें बर्बाद हो गई हैं। वहीं, फैक्ट्री से उठने वाली लगातार दुर्गंध और धुएं के कारण ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। प्रदर्शनकारियों में शामिल ग्रामीण रामसाय ने कहा, "हम सालों से इस गंदगी और बदबू में मर-मर कर जीने को मजबूर हैं। हमारे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं, फसलें चौपट हो गई हैं। हमने कई बार प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन हमारी सुनवाई करने वाला कोई नहीं था। अब हमें सिर्फ हल (निर्णय) चाहिए, आश्वासन नहीं।"ग्रामीणों ने साफ किया कि उनका विरोध फैक्टरी के संचालन के खिलाफ नहीं है, बल्कि प्रदूषण के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग को लेकर है। उनका कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा गंदगी के निष्पादन की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे पूरा इलाका प्रदूषित हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित