शिवपुरी , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के ग्राम अहेरा में बाहरी लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अनुपम शर्मा ने ग्राम अहेरा के पटवारी दिलीप सिंह कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
अधिकारी सूत्रों के अनुसार 4 दिसंबर को प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ग्राम अहेरा पहुंचे थे, जहां चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बताया था कि बाहरी लोग आकर शासकीय जमीन पर कब्जा कर खेती कर रहे हैं। ग्रामीणों ने इन्हें हटाने की मांग उठाई थी।
शिकायत के बाद संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि पटवारी दिलीप सिंह कुशवाहा ने अपने कर्तव्यों का ठीक से निर्वहन नहीं किया और उनके विरुद्ध अन्य गंभीर आरोप भी सामने आए। इसके आधार पर एसडीएम अनुपम शर्मा ने उन्हें कल रात तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित