नयी दिल्ली , अप्रैल 16 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के शालीमार गांव में सड़क संख्या 320 के चौड़ी करण योजना से बेदखली का सामना कर रहे परिवारों से मुलाकात की और उनकी हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखबीर शर्मा और शालीमार बाग से विधानसभा चुनाव लड़ चुके जेएस नियॉल भी मौजूद थे। डॉ. नरेश ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है और प्रभावित परिवारों को कानूनी और सरकारी सहायता देने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन की एक प्रति दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को भी भेजी है।

डॉ. नरेश कहा कि पिछले चार महीनों से शालीमार गांव से लगे इलाके में करीब 200 घरों के लोगों को हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रभावित लोगों ने अदालत में पुनर्विचार याचिका दाखिल की है, जिसकी सुनवाई 18 मई को होगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार कोई झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि पिछले 45 वर्षों से अपनी खरीदी हुई जमीन पर बसे हुए हैं। उनके पास रजिस्ट्री, पावर ऑफ अटॉर्नी और अन्य कानूनी दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा स्वीकृत 1511 कॉलोनियों की सूची में भी इस बस्ती का नाम शामिल है। इसके बावजूद लोगों को बेदखल करने की कोशिश बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस नेता कहा कि सवाल उठाया कि जिस सड़क को चौड़ा करने के नाम पर लोगों को उजाड़ने की तैयारी की जा रही है। वह पहले से ही करीब 40 फीट चौड़ी है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को बेघर करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित