पीलीभीत , जनवरी 30 -- पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के चलते पीलीभीत में शारदा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे धनाराघाट पर बना अस्थायी पेंटून पुल जलमग्न हो गया।

गुरुवार रात आई तेजी के बाद शुक्रवार पूर्वाह्न तक पुल की ओर जाने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह डूब गया और आवागमन ठप हो गया। इससे शारदा पार बसे लगभग डेढ़ लाख लोगों का जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया है। पुल पर तैनात मुंशी बबलू मांझी ने बताया कि गुरुवार रात से जलस्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई। प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और लोगों से जलस्तर कम होने तक इस रास्ते का उपयोग न करने की अपील की गई है।

पुल बंद होने से एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों को मुख्यालय पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। छात्रों और मरीजों के लिए स्थिति विशेष रूप से कष्टकारी हो गई है, क्योंकि आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में अतिरिक्त समय और संसाधन लग रहे हैं।

उधर, स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से शारदा नदी पर स्थायी पुल निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है और काम भी शुरू हो गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थायी पुल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। पुल के तैयार होने के बाद ही क्षेत्रवासियों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित