चम्पावत , मार्च 23 -- उत्तराखंड सरकार ने चम्पावत जिले के टनकपुर की जनता को सोमवार को बड़ी सौगात देते हुए शारदा नदी पर बाढ़ सुरक्षा हेतु तटबंध निर्माण के लिए 32.92 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि यह परियोजना 'राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि' के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। इसके तहत बूम से टनकपुर के मध्य शारदा नदी किनारे स्थित बसानी गोठ, सुवामोठ और गैण्डाखाली नंबर-3 गांवों को बाढ़ और भू-कटाव से स्थायी सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि परियोजना के पहले किश्त के रूप में 13.17 करोड़ रुपये जारी कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए।

इस तटबंध के निर्माण से शारदा नदी के कारण हर वर्ष होने वाले भू-कटाव पर प्रभावी नियंत्रण होगा, जिससे नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही, यह परियोजना टनकपुर क्षेत्र में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के साथ दीर्घकालिक समाधान के रूप में भी कारगर साबित होगी।

सरकार की इस पहल को सीमांत क्षेत्रों के सुरक्षित और सुदृढ़ भविष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित