(विवेक शुक्ला से)नयी दिल्ली , मार्च 14 -- रमजान के पाक महीने में सूरज ढलने के बाद देश के दो ऐतिहासिक इलाकों की सूरत एक जैसी ही नज़र आती है। पुरानी दिल्ली की जामा मस्जिद के आसपास की गलियां और मुंबई की मोहम्मद अली रोड का माहौल खास रौनक और एकता की भावना से भर उठता है।
हजारों किलोमीटर की दूरी के बावजूद दोनों जगहों पर इफ्तार के समय का माहौल लगभग एक जैसा दिखाई देता है, जहां रोजा खुलने के साथ ही लोग एक-दूसरे के साथ भोजन और खुशियां साझा करते हैं।
जामा मस्जिद के आसपास की संकरी गलियों में मगरिब (सूरज ढलने के बाद) की अजान के बाद का दृश्य खास होता है। मस्जिद की रोशनी से जगमगाते गुम्बद और मीनारों के बीच लोग सीढ़ियों और खुले स्थानों पर बैठकर खजूर, शरबत, पकौड़े और फलों की चाट के साथ इफ्तार करते हैं। आसपास के ठेलों पर सींख कबाब, शामी कबाब, निहारी और बिरयानी जैसे पकवानों की खुशबू माहौल को और जीवंत बना देती है।
यात्रा प्रेमी त्सेतन वांगमो नोर्बू बताते हैं कि अजान से ठीक पहले का समय बेहद खास लगता है, जब रोशनी में नहाई मस्जिद और लोगों की भीड़ एक अलग ही आध्यात्मिक वातावरण बना देती है।
इसी तरह मुंबई की मोहम्मद अली रोड पर भी रमजान के दौरान शाम ढलते ही रोशनी और स्वाद का उत्सव शुरू हो जाता है। रंगीन रोशनी और भीड़भाड़ के बीच यहां कबाब, हलीम, चिकन फ्राई और विभिन्न मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की लंबी कतारें लगती हैं।
मिनारा मस्जिद के पास रोजाना सैकड़ों लोग इफ्तार के लिए जुटते हैं। यहां के एक रेस्तरां संचालक अब्दुल रहमान के अनुसार मोहम्मद अली रोड केवल मांसाहारी व्यंजनों के लिए ही नहीं, बल्कि मिठाइयों के लिए भी प्रसिद्ध है और लोग देश के विभिन्न हिस्सों से यहां का स्वाद लेने आते हैं।
मुंबई के वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद वजीहुद्दीन के अनुसार रमजान के दौरान यहां का माहौल एक बड़े उत्सव जैसा होता है, जहां फिल्मी हस्तियां, छात्र, परिवार और भोजन प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं और कई लोग पूरे वर्ष इस महीने का इंतजार करते हैं।
दिल्ली और मुंबई की अलग-अलग संस्कृति और जीवनशैली के बावजूद रमजान के दौरान इन दोनों जगहों पर सामुदायिक भावना और साझा भोजन की परंपरा लोगों को एक सूत्र में बांध देती है। सूर्यास्त के बाद का यह समय केवल रोजा खोलने का ही नहीं, बल्कि मिल-जुलकर खुशियां बांटने और अपनापन महसूस करने का भी अवसर बन जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित