शामली , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में आदर्श मंडी थाना पुलिस ने ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 55 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल से प्राप्त म्यूल खातों की जांच के दौरान यह गिरोह चिन्हित किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी आम लोगों को व्हाट्सएप और टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से लिंक भेजते थे और फर्जी ऐप के जरिए ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट में अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी करते थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मयंक उर्फ सन्नी पुत्र कमल कुमार निवासी मोहल्ला बेगमपुरा, कैराना तथा विशाल पुत्र मोहनलाल निवासी टीचर्स कॉलोनी, कैराना बताए। पुलिस के अनुसार आरोपितों के कब्जे से धोखाधड़ी से हासिल किए गए 55 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

एसपी ने बताया कि आरोपितों ने लोगों से ठगी कर म्यूल खातों के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हड़पी। पूछताछ में पता चला कि म्यूल खाता धारक सादिक पुत्र कल्लन निवासी मोहल्ला खैल, कैराना है। सादिक फलों का ठेला लगाता है। आरोप है कि मयंक ने उसे कमीशन का लालच देकर बैंक खाता उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया।

इसके बाद मयंक ने अपने साथी विशाल के साथ मिलकर केनरा बैंक के खाते से तीन करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया। इस खाते के संबंध में देशभर से अब तक साइबर फ्रॉड की पांच शिकायतें प्राप्त हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित