शामली , मई 25 -- उत्तर प्रदेश में शामली जिले के विकास खंड ऊन स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड (बी-पैक्स) ऊन के गेहूं क्रय केंद्र पर घटतौली की शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्र प्रभारी इरफान अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी शामली के निर्देश पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रजा शर्मा, वरिष्ठ निरीक्षक बाट-माप ज्ञान प्रकाश द्विवेदी, सहायक विकास अधिकारी ऊन भूपेंद्र कुमार तथा एडीओ कोऑपरेटिव मुकेश कुमार ने बी-पैक्स ऊन (बीसीएफ) गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर गेहूं खरीद में घटतौली की शिकायतों की जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों ने गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी इरफान अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें समिति कार्यालय से संबद्ध रखा जाएगा तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

इधर कार्रवाई के बाद किसानों और स्थानीय लोगों में यह सवाल उठने लगा है कि जब जांच में घटतौली की पुष्टि हो गई, तो केवल निलंबन तक ही कार्रवाई क्यों सीमित रखी गई। किसानों का कहना है कि यदि बड़े स्तर पर घटतौली हुई है तो संबंधित के खिलाफ गबन और किसानों के आर्थिक शोषण के आरोप में आपराधिक मुकदमा भी दर्ज कराया जाना चाहिए था।

क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चा है कि इतनी गंभीर अनियमितता सामने आने के बावजूद अब तक संबंधित के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित