पोर्ट ऑफ़ स्पेन , अगस्त 01 -- पाकिस्तान के बल्लेबाज़ शान मसूद बाएं हाथ की तर्जनी में फ़्रैक्चर के कारण रविवार से पोर्ट ऑफ़ स्पेन में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। उन्हें यह चोट तारोबा में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान लगी थी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने गुरुवार को टीम के मेडिकल पैनल द्वारा स्कैन और चिकित्सीय जांच के बाद इसकी पुष्टि की।
पहली पारी में जेडेन सील्स की गेंद खेलते समय शान मसूद की तर्जनी में चोट लगी थी। इसके बावजूद उन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक जड़ा, हालांकि पाकिस्तान को ब्रायन लारा क्रिकेट ऐकेडमी में खेले गए मुक़ाबले में 90 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
चोट के कारण वह चौथे दिन सुबह मैदान पर फ़ील्डिंग के लिए नहीं उतरे थे। दूसरी पारी में 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान का स्कोर 53/6 था, तब मसूद आठवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए। वह सिर्फ़ 3 रन बनाकर प्वाइंट पर कैच आउट हो गए। बल्लेबाज़ी के दौरान वह लगभग एक हाथ से खेलते नज़र आए थे, क्योंकि बाएं हाथ पर ज़्यादा दबाव डालना उनके लिए संभव नहीं था।
फ़िलहाल मसूद की वापसी को लेकर कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि 19 अगस्त से लीड्स में शुरू होने वाले इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता उनकी रिकवरी और मेडिकल प्रगति पर निर्भर करेगी। हालांकि वह वेस्टइंडीज़ दौरे पर टीम के साथ बने रहेंगे और इसके बाद इंग्लैंड भी टीम के साथ ही रवाना होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित