ग्वालियर , अक्टूबर 14 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शादी के लिए दबाव बनाने, कथित रूप से दुष्कर्म का प्रयास करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में महाराजपुरा थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश विद्युत मंडल (एमपीईबी) के कर्मचारी ऋषिकेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।

गोला का मंदिर क्षेत्र की कुंजविहार कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान डीडी नगर स्थित एमपीईबी कार्यालय में कार्यरत ऋषिकेश शर्मा से हुई थी। आरोप है कि वह उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था और इनकार करने पर किसी अन्य व्यक्ति से शादी करने की स्थिति में जान से मारने की धमकी देता था।

युवती के अनुसार, 7 अक्टूबर की शाम आरोपी ने उसे डीडी नगर के सी सेक्टर स्थित अपने कमरे पर बुलाया। वहां उसने कथित रूप से उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की, जिससे उसका सिर लोहे के दीवान से टकराकर घायल हो गया। युवती किसी तरह वहां से निकल गई। उसने कुछ दिन बाद पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने उसके कमरे पर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। पुलिस उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित