जगदलपुर , अप्रैल 23 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आरापुर में आज आयोजित एक शादी समारोह में नाचने को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद के हिंसक झगड़े में तब्दील हो जाने से अफरा-तफरी मच गयी।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान नाचने और धक्का-मुक्की को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने आपा खो दिया और पास में मौजूद मुर्गा काटने वाले धारदार हथियार (काती) से हमला कर दिया। इस हमले में फूलसिंह बघेल के पेट में गंभीर चोट आई है, जिससे उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, देवेंद्र नामक युवक भी इस घटना में घायल हुआ है।

कोड़ेनार थाना प्रभारी अमित पद्मशाली ने बताया कि घटना के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल डिमरापाल स्थित महारानी अस्पताल (मेकाज) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित