फिरोजाबाद , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दंपति की बाइक स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें गंभीर रूप से घायल पत्नी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। हादसे में एक बच्चा भी घायल हुआ है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि थाना रजावली क्षेत्र में सोमवार देर शाम फिरोजाबाद निवासी अंकुर अपनी पत्नी आशा (30) और दो बच्चों के साथ बाइक से जलेसर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में जलेसर मार्ग पर अचानक बाइक स्पीड ब्रेकर पर असंतुलित होकर उछल गई। इससे पीछे बैठी आशा सिर के बल सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में एक बच्चा भी चोटिल हुआ।

दुर्घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने कुछ देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। महिला की मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित