कोरबा , मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग किशोरी ने कथित छेड़छाड़ की घटना से मानसिक रूप से आहत होकर आत्महत्या कर ली है।

पुलिस ने मामले में आज कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किशोरी एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आई हुई थी। इसी दौरान गांव के ही युवक नरेंद्र ने उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की। घटना के बाद किशोरी गहरे मानसिक तनाव में चली गई।

बताया जा रहा है कि सामाजिक संकोच और मानसिक दबाव के चलते उसने कोरबी चौकी क्षेत्र स्थित छिदिया नर्सरी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के मुताबिक प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी नरेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण, अपहरण, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित