धार , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में अलग-अलग घटनाओं में एक ओर शादी समारोह के दौरान नाबालिग को चाकू मारकर घायल कर दिया गया, वहीं सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
धरमपुरी तहसील के ग्राम बिखरौंन में एक विवाह समारोह के दौरान बच्चों के बीच विवाद हो गया, जिसमें 14 वर्षीय बालक कुणाल पिता जितेंद्र जमरे के पैर में चाकू मार दिया गया। घटना सुबह करीब 10:30 बजे इंदिरा नगर क्षेत्र में हुई, जब बच्चे नाच रहे थे। विवाद के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुणाल के घुटने के पास चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार चाकू पैर में फंसा होने के कारण उसे सुरक्षित स्थिति में ही उच्च उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
इसी बीच जिले के ग्राम पंधानिया के पास दोपहर में हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मनावर क्षेत्र के ग्राम जलखा निवासी गजेसिंह अपनी पत्नी रेवली के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गजेसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गजेसिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित