भरतपुर , अप्रैल 21 -- राजस्थान में धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान दो दुल्हनों के चढ़ावे के लिए लाए गए 16 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग चोरी हो जाने से हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि लुधपुरा गांव निवासी श्रीकृष्ण लोधा की दो बेटियों की शादी के लिए 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर भैंसेना गांव से रवि और कृष्णा की बारात आई थी। बारात के स्वागत एवं दावत के बाद बारातियों के लौट जाने पर दूल्हों के परिजन गांव के हनुमान मंदिर के पास बने जनमासे में ठहरे हुए थे।

पुलिस ने बताया कि शादी का सारा सामान भी यहीं रखा था। बताया गया कि सोमवार रात करीब दो से ढाई बजे के बीच दूल्हों के पिता रामकिशन गहनों से भरा बैग अपने सिर के नीचे रखकर सो गए। इसी दौरान नींद की झपकी लगते ही चोर बैग लेकर फरार हो गए। सुबह जब रामकिशन की नींद खुली और उन्होंने बैग गायब देखा तो उनके होश उड़ गए। वर-वधू पक्ष के लोगों ने चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेकर संदिग्धों की तलाश में आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित