भरतपुर , सितम्बर 16 -- राजस्थान के करौली शहर में मंगलवार को देर रात शादी के लिए उधारी में लायी गयी ढाई लाख रुपये की नकदी पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि तांबे की टोरी के भौतावत डांडा क्षेत्र में कल्याण सिंह राजपूत के घर हुई इस चोरी के समय परिवार के सदस्य घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे।
पुलिस ने बताया कि इस बीच चोरों ने एक कमरे में रखे लोहे के बक्से से पैसे चुरा लिए। चोरों ने नकदी के अलावा कोई और कीमती सामान नहीं छुआ। पास में रखी चांदी की पायल भी चोर वहीं छोड़ गये।
कल्याण सिंह की पत्नी सुनीता दोपहर में ही बेटी की शादी की तैयारियों के लिए ढाई लाख रुपए लेकर घर आयी थीं। उन्होंने किसी को इस रकम के बारे में नहीं बताया था। इसके बावजूद रात में चोर घर में घुसे और सीधे नकदी चुराकर भाग गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित