सागर , अगस्त 01 -- मध्य प्रदेश में सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर नकदी, चांदी की पायल एवं घटना में प्रयुक्त कार जब्त की गई है।
फरियादी नोनीराम पटेल निवासी ग्राम महुआखेड़ा पैगवार ने थाना जैसीनगर में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने शादी कराने का झांसा देकर उसकी शादी रुकमणी चतुर्वेदी से कराई। विवाह के बाद रुकमणी चतुर्वेदी विवाह में मिले सोने-चांदी के जेवरात एवं 30,000 नगद सहित कुल लगभग 1.50 लाख की संपत्ति लेकर फरार हो गई।
शिकायत पर थाना जैसीनगर में बीएनएस की विभिन्न धाराओ के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित किए गए तथा मुखबिर की सूचना पर आरोपी अरविंद विभार पुत्र जगतसिंह विभार निवासी जकराना, थाना बहरोड़, जिला अलवर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में उसने अपने साथियों रुकमणी चतुर्वेदी, ममता चतुर्वेदी, जीन्स नूर उर्फ संगीता तथा वाहन चालक सोनू अहिरवार के साथ मिलकर शादी के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
विवेचना में आरोपी रुकमणी चतुर्वेदी तथा घटना में प्रयुक्त वाहन के चालक सोनू अहिरवार की संलिप्तता भी प्रमाणित होने पर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया।आरोपियों के कब्जे से 20,000 नगद, चांदी की पायल (कुल कीमत लगभग 20,700 रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये) जब्त की गई।
मामले में ममता चतुर्वेदी एवं जीन्स नूर उर्फ संगीता निवासी बिलासपुर (छत्तीसगढ़) की गिरफ्तारी शेष है, जिनकी तलाश जारी है। अरविंद विभार, रुकमणी चतुर्वेदी एवं सोनू अहिरवार को आज न्यायालय सागर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित