डेहरी ऑन सोन , जुलाई 20 -- बिहार में रोहतास जिले की डालमियानगर थाना पुलिस ने शादी कराने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूलकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दुल्हन समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से आए एक युवक की शादी कराने के नाम पर उससे बड़ी रकम वसूली गई है और विवाह के तुरंत बाद दुल्हन अपने सहयोगियों के साथ डेहरी रेलवे स्टेशन से फरार होने की कोशिश कर रही है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) सत्यकाम के नेतृत्व में एक टीम गठित कर स्टेशन पर छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुल्हन, उसकी बहन, मां तथा एक बिचौलिये को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के निवासी कारूलाल कलार ने बताया कि उनके पुत्र की शादी कराने के लिए बिचौलियों ने 2.50 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से 1.40 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। विवाह के बाद दुल्हन के फरार होने के प्रयास से पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतलाम (मध्य प्रदेश) निवासी राजू राठौर, रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के महरौत गांव निवासी रूबी उर्फ अनीषा कुमारी एवं उसकी बहन अनीता कुमारी तथा औरंगाबाद जिले के बारूण बाजार निवासी रूबी की मां गीता देवी के रूप में की गई है।
पीड़ित पक्ष के आवेदन पर डालमियानगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला शादी के नाम पर सुनियोजित ठगी का प्रतीत होता है। गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित