बैतूल , जुलाई 17 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम लालढाना में शादी के महज दो माह बाद एक नवविवाहिता का शव घर के पीछे स्थित कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने पति और सास पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम ग्राम लालढाना में नवविवाहिता कुंती पवार का शव घर के पीछे स्थित कुएं में होने की सूचना मिली। सूचना पर बोरदेही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतका के पिता संतोष कालभोर ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए पति अजय पवार और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पति और सास ने उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया।

संतोष कालभोर के अनुसार कुंती की शादी करीब दो माह पहले अजय पवार के साथ हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ससुराल पक्ष अतिरिक्त पैसों की मांग कर रहा था और उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि करीब आठ दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

बोरदेही थाना प्रभारी राघेश्याम बघेल ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित