बड़वानी , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा की 25 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) से इंग्लैंड निवासी युवक बनकर शादी का झांसा देकर करीब तीन लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पुलिस ने उत्तराखंड की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके बैंक खातों में जमा 95 हजार रुपये फ्रीज कर जब्त कर लिए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
साइबर सेल के संजय पाटीदार और टी.आर. धारसे ने बताया कि पीड़िता ने एक वैवाहिक वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था। इसी दौरान उसकी पहचान खुद को इंग्लैंड निवासी बताने वाले एक युवक से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया और 15 लाख रुपये मूल्य के महंगे उपहार भेजने का दावा किया।
आरोपी ने बाद में फर्जी कूरियर रसीद भेजकर पीड़िता को विश्वास में लिया और कस्टम ड्यूटी के नाम पर खुद के फंसने का डर दिखाते हुए अलग-अलग बैंक खातों में करीब तीन लाख रुपये जमा करा लिए।
पुलिस के अनुसार रकम की व्यवस्था करने के लिए पीड़िता ने अपनी बचत के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लिया तथा कंपनी से वेतन अग्रिम भी लिया। हालांकि कंपनी ने संबंधित बैंक खाते को संदिग्ध बताते हुए भुगतान नहीं करने की सलाह दी थी, लेकिन पीड़िता आरोपी के झांसे में आ गई।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिलाओं रेखा और निदा, निवासी बाजपुर (जिला ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड), ने अपने बैंक खाते कथित रूप से कमीशन के बदले शोभित जाटव नामक युवक को उपयोग के लिए उपलब्ध कराए थे। दोनों के खातों में आई राशि बाद में शोभित के खाते में स्थानांतरित कर दी गई।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने धोखाधड़ी से प्राप्त 72 हजार रुपये भोपाल के दो मेडिकल छात्रों के खातों में उनकी मां के इलाज के नाम पर ट्रांसफर कराए थे। बाद में छात्रों ने यह राशि निकाल ली। जांच में दोनों छात्रों की ठगी में संलिप्तता नहीं पाई गई। इसके अलावा असम के एक बैंक खाते के माध्यम से करीब एक लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी भी सामने आई है।
सेंधवा सिटी थाना और बड़वानी साइबर सेल मामले की संयुक्त जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का मामला है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित