फिरोजाबाद , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली गाजियाबाद निवासी एक युवती ने शिकोहाबाद के एक युवक पर शादी का झांसा देकर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने तथा विरोध करने पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है।
सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार बुधवार रात सूचना मिली कि फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर एक युवती लहूलुहान अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया और उसके परिजनों तथा गाजियाबाद पुलिस को सूचना दी।
गुरुवार को अस्पताल पहुंची पीड़िता की मां ने बताया कि वह गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहती हैं। उसी मकान में शिकोहाबाद के शंभूनगर निवासी अभय कुमार भी किराये पर रहता था। उनका आरोप है कि अभय कुमार आठ जुलाई को उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था, जिसकी रिपोर्ट सिहानी गेट थाने में पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि आरोपी उसे गाजियाबाद से लाकर अपने एक मित्र के यहां बंधक बनाकर रखा और उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म करता रहा। जब उसने शादी करने की बात कही और दुष्कर्म का विरोध किया तो आरोपी ने उस पर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी युवती को मरणासन्न अवस्था में फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का उपचार ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित