बैतूल , मई 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार बताया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार माथनी निवासी कमलेश मोहबे (28) ने जून 2023 में युवती को प्रेम प्रस्ताव दिया था। जनवरी 2025 में युवती द्वारा प्रस्ताव स्वीकार करने के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर मुलताई और भोपाल में कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों ने 30 अप्रैल 2026 को कोर्ट मैरिज करने का निर्णय लिया था, लेकिन तय तारीख से पहले आरोपी अपने वादे से मुकर गया। बाद में आरोपी ने मोबाइल संदेश भेजकर बताया कि उसकी शादी 12 मई 2026 को किसी अन्य युवती से तय हो गई है।

शिकायत मिलने पर मुलताई थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोनिका पटले सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित