धार , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में मानव दुर्व्यवहार के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन हजार रुपये के इनामी आरोपी को धामनोद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी कराने का झांसा देकर युवती को आंध्रप्रदेश ले जाने और वहां छह लाख रुपये में बेचकर शादी कराने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम आरोपी की तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार फरियादिया ने शिकायत में बताया कि उसकी बहन के परिचित रोहित गंगारे निवासी खलघाट ने शादी कराने के नाम पर 50 हजार रुपये देने का झांसा दिया था। इसके बाद 10 दिसंबर 2021 को युवती को गुंटूर, आंध्रप्रदेश ले जाया गया, जहां 14 दिसंबर को उसकी मांगीलाल नामक व्यक्ति से शादी करा दी गई। बाद में पति ने युवती को बताया कि रोहित ने उसे छह लाख रुपये में बेचकर यह शादी कराई थी।

शिकायत के मुताबिक कुछ समय बाद आरोपी ने युवती पर दूसरी शादी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके पति को फोटो भेजकर उसे घर से छुड़वा दिया गया। इसके बाद युवती को इंदौर से खलघाट लाकर जबरन शादी के लिए दबाव बनाया गया। मना करने पर उसे करीब 18 दिनों तक घर में रखा गया और मारपीट की गई, जिससे उसके दोनों हाथों में चोट आई।

पुलिस ने धामनोद थाने में अपराध क्रमांक 385/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(4), 143(2) एवं 115(2) में प्रकरण दर्ज किया था। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित पिता राकेश गंगारे (29) निवासी साला पुनर्वास, थाना धामनोद को अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव, उप निरीक्षक सावन मुवेल, आरक्षक रविन्द्र जमरे, आरक्षक मनीष राठौर सहित धामनोद थाना पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित