राजनांदगांव , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर कथित रूप से दैहिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से गोपालपुर थाना छुरिया निवासी युवराज चंद्रवंशी से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फोन नंबरों का आदान-प्रदान हुआ।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 28 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने उसे डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के पास मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे स्टेशन के समीप स्थित एक लॉज में ले गया, जहां शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने डोंगरगढ़ और रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर भी शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस के मुताबिक कुछ समय बाद आरोपी युवती को छोड़कर अपने घर चला गया। गत 25 सितंबर को पीड़िता गोपालपुर पहुंची और उससे शादी करने की बात कही, लेकिन आरोपी ने कथित रूप से शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी तथा एक अक्टूबर को डोंगरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित