प्रतापगढ़ , जून 1 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना महेशगंज पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना महेशगंज में दर्ज धोखाधड़ी और दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त राजेन्द्र कुमार सरोज (29) , निवासी ग्राम टीकाराम का पुरवा, भदरी, थाना कुंडा, जनपद प्रतापगढ़ को थाना क्षेत्र के अंजनी पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने तथा धोखाधड़ी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे अंजनी पुल के निकट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित