भोपाल , मई 6 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक निजी त्वचा रोग क्लीनिक के संचालक डॉ. अभिनीत गुप्ता के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पर जयपुर से इलाज के लिए आई युवती को विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने भोपाल के बाद चेन्नई के एक होटल में भी उसके साथ गलत कृत्य किया। आरोप है कि आरोपी ने युवती को गर्भपात की दवा दी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर उसे रक्तस्राव की स्थिति का सामना करना पड़ा।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके निजी वीडियो उसके भाई को भेजकर उसे ब्लैकमेल किया। साथ ही यह भी कहा गया है कि वर्ष 2019 में मुंबई में मॉडलिंग कर रही एक अन्य युवती के साथ भी आरोपी ने दुष्कर्म किया था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाने के लिए कानूनी साजिश रची। वहीं पीड़िता ने आरोप लगाया कि पहले कोलार थाना पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की थी।

पुलिस के अनुसार महिला थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया है और उसका मोबाइल भी बंद बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में मरीज के साथ ठगी के एक मामले में उपभोक्ता न्यायालय भोपाल द्वारा आरोपी चिकित्सक को दंडित किया जा चुका है। सोशल मीडिया पर आरोपी की कई फिल्मी हस्तियों के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित