प्रतापगढ़ , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में नवाबगंज थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती को भगाने तथा अवैध धर्म परिवर्तन के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर नवाबगंज थाना पुलिस ने वसीम (24) पुत्र हैदर अली, निवासी ग्राम हरदेव नगर, थाना नवाबगंज को गिरफ्तार किया। आरोपी इस मामले में लंबे समय से वांछित था।
पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई 2026 को बरियावा गांव निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 20 वर्षीय पुत्री को वसीम शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी तथा सक्षम प्राधिकारी को सूचना दिए बिना निकाह कर उसे पत्नी के रूप में अपने साथ रखा।
तहरीर के आधार पर नवाबगंज थाने में मुकदमा संख्या 104/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 एवं 351(3) सहित अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित