भिवानी , जुलाई 21 -- हरियाणा के भिवानी मे शादी-ब्याह में बढ़ती फिजूलखर्ची और सामाजिक दिखावे पर रोक लगाने के लिए छोटी काशी भिवानी के अग्रवाल समाज ने अहम पहल की है। अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ के तत्वावधान में कमला भवन धर्मशाला में आयोजित बैठक में समाज के गणमान्य लोगों ने सर्वसम्मति से तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बेटी की शादी में मिठाई का डिब्बा देने और लेने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं, लड़के की शादी में शगुन देने और लेने की परंपरा भी समाप्त की जाएगी। इसके अलावा तिलक, पुरोजन और अन्य वैवाहिक संस्कारों में मिलनी के नाम पर होने वाले खर्च पर अंकुश लगाते हुए मिलनी की राशि अधिकतम 100 रुपये निर्धारित की गई।
बैठक में मौजूद सभी लोगों ने हाथ उठाकर इन प्रस्तावों का समर्थन किया। साथ ही इन निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए घर-घर जाकर संकल्प पत्र भरवाने का भी फैसला लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित