भरतपुर , सितम्बर 27 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर मोबाइल फोन चोर को गिरफ्तार करके उससे करीब सात लाख रुपये की कीमत के विभिन्न कंपनियों के 37 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि क्षेत्र में लगातार मोबाइल चोरी की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस की ओर से पोर्टल के माध्यम से भी चोरी और गुम हुए मोबाइलों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान विशेष पुलिस दल को सूचना मिली कि एक युवक चोरी किए गए मोबाइल आसपास के गांवों में बेच रहा है।
पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साजिद खान (34) उर्फ टूटा को करेल रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल फोन में फोन-पे, गूगल-पे और पेटीएम जैसे डिजिटल पेमेंट एप के पिन बदलकर उनमें से नकदी भी निकाली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित