भदोही , जून 18 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक महिला ने यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा प्रबंधक पर मानसिक उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए बैंक के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक समेत अन्य उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र भेजकर न्याय की मांग की है।

मूंसीलाटपुर निवासी रूपम राय ने अध्यक्ष, यूपी ग्रामीण बैंक को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि शाखा प्रबंधक की कार्यशैली से न केवल बैंक के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, बल्कि शाखा की प्रतिष्ठा भी प्रभावित हो रही है। शिकायत के अनुसार, रूपम राय ने पूर्व में वैगनार कार के लिए बैंक से ऋण लिया था और उसकी समस्त किस्तों का नियमित भुगतान कर ऋण का पूर्ण निस्तारण कर दिया। उन्होंने बताया कि वह "मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना" की लाभार्थी भी हैं।

महिला ने आरोप लगाया है कि बैंक की नव नियुक्त शाखा प्रबंधक द्वारा उनका तथा उनके पति का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि मांग पूरी न करने पर उनके पति को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई।

रूपम राय ने पत्र में कहा है कि उनके परिवार के सभी सदस्यों के खाते यूपी ग्रामीण बैंक में हैं और शाखा प्रबंधक के व्यवहार के कारण पूरा परिवार भय और असुरक्षा की स्थिति में है। उन्होंने महिला शाखा प्रबंधक द्वारा एक महिला ग्राहक के साथ किए गए कथित व्यवहार को निंदनीय बताया है।

पीड़िता ने मामले की जानकारी मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी दिए जाने की बात कही है और निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पूछे जाने पर संबंधित शाखा प्रबंधक ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायत की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित