मुंबई , अप्रैल 24 -- अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता अटकने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट देखी गयी, विशेषकर आईटी कंपनियों के शेयरों में सबसे अधिक बिकवाली रही।
बीएसई का सेंसेक्स 180.20 अंक टूटकर 77,483.80 अंक पर खुला और इसके बाद लगातार नीचे उतरता गया। खबर लिखे जाते समय यह 762.03 अंक (0.98 प्रतिशत) की गिरावट में 76,901.97 अंक पर था।
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में कोई हल न निकलने से बाजार में चौतरफा बिकवाली हो रही है। सभी सूचकांक लाल निशान में हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये में जारी गिरावट से भी निवेश धारणा प्रभावित हो रही है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 72.50 अंक फिसलकर 100.55 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 198.90 अंक यानी 0.82 प्रतिशत नीचे 23,974.15 अंक पर था।
आईटी सेक्टर पर सबसे अधिक दबाव रहा और इसका सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक फिसल गया । मीडिया सेक्टर में भी एक फीसदी से अधिक की गिरावट रही। धातु, ऑटो, बैंकिंग, वित्त, फार्मा और तेल एवं गैस समूहों पर भी ज्यादा दबाव देखा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित