अमृतसर , अगस्त 17 -- पंजाब सरकार ने महान क्रांतिकारी शहीद मदन लाल ढींगरा की 117वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को अमृतसर में गोलबाग स्थित शहीद मदन लाल ढींगरा स्मारक में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह में संसदीय कार्य, एनआरआई मामले एवं जेल मंत्री डॉ रवजोत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, अमृतसर सेंट्रल के विधायक डॉ. अजय गुप्ता, अमृतसर दक्षिण के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, अमृतसर पूर्व की विधायक जीवन ज्योत कौर और बाबा बकाला साहिब के विधायक दलवीर सिंह टोंग विशेष अतिथि रहे। अतिथियों ने शहीद मदन लाल ढींगरा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

डॉ. सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश को आजादी शहीदों के बलिदान के कारण मिली है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद और उनके परिवार देश की अमूल्य विरासत हैं। युवा पीढ़ी को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार केंद्र सरकार के माध्यम से ब्रिटेन सरकार से संपर्क कर शहीद मदन लाल ढींगरा से संबंधित अवशेषों को उनके जन्मस्थान अमृतसर वापस लाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि शहीद मदन लाल ढींगरा स्मारक के सौंदर्यीकरण और विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा इसे अमृतसर के पर्यटन मानचित्र में शामिल करने के प्रयास किए जाएंगे।

श्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन उद्देश्यों के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन बलिदान किया, उन्हें पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

अमृतसर सेंट्रल के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने शहीद मदन लाल ढींगरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अमृतसर के लोगों को गर्व है कि महान क्रांतिकारी का जन्म इसी शहर में हुआ था। उन्होंने शहीद की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने अपना दो माह का वेतन शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक को दान करने की घोषणा भी की।

स्मारक की संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. लक्ष्मी कांता चावला ने कहा कि अमृतसर के सपूत मदन लाल ढींगरा ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। उन्होंने स्मारक में स्थापित संग्रहालय के विस्तार की मांग की और कहा कि शहीदों से जुड़े स्थानों पर ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।

समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पंजाब पुलिस बैंड ने भी देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।

समारोह में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा विद्यार्थियों को शहीद मदन लाल ढींगरा के चित्र और उनके जीवन एवं स्वतंत्रता संग्राम में योगदान से संबंधित पुस्तिकाएं वितरित की गयीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित