बीजापुर , अगस्त 12 -- स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत जिला पुलिस और प्रशासन ने शहीद परिवारों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और शहीदों के बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
'तिरंगा नमन, शहीदों के आंगन में' अभियान के तहत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले में निवासरत शहीद परिवारों के घर जाकर परिजनों का कुशलक्षेम जाना। इस दौरान परिवारों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया तथा राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की गई।
अधिकारियों ने शहीद परिजनों से संवाद करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का योगदान हमेशा राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीदों का त्याग और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता तथा उनके परिवार समाज और देश के लिए सम्मान और गौरव के प्रतीक हैं।
जिला पुलिस ने नागरिकों से भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर 'हर घर तिरंगा' अभियान में सहभागिता करने की अपील की है। इसके साथ ही तिरंगा फहराते समय राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित नियमों का पालन करने को कहा गया है।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य शहीदों की स्मृति, उनके अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने के साथ शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित