बटाला , मई 30 -- पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बटाला के गांव घनिए के बांगर पहुंचकर शहीद सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) जोगा सिंह के परिवार से मुलाकात की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पंजाब पुलिस और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
डीजीपी ने कहा कि शहीद एएसआई जोगा सिंह ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने अपने साहस, समर्पण और निस्वार्थ सेवा से पंजाब पुलिस की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाया। उनका बलिदान हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 54 वर्षीय एएसआई जोगा सिंह वर्ष 1989 में कांस्टेबल के रूप में पंजाब पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस के ट्रैफिक स्टाफ में तैनात थे। 24 मई 2026 को ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी। शहीद एएसआई अपने पीछे माता, पत्नी, पुत्र और पुत्री को छोड़ गए हैं।
परिवार से मुलाकात के दौरान डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि इस कठिन समय में पंजाब पुलिस पूरी मजबूती के साथ परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को कानून के कटघरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी।
डीजीपी ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार शहीद के परिवार के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्हें सभी निर्धारित सहायता, सुविधाएं तथा कल्याणकारी लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित