मथुरा , मई 11 -- अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष एमएस बिट्टा ने सोमवार को कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के सम्मान से ही देश मजबूत होगा।
एक श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए एमएस बिट्टा ने देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के शौर्य की सराहना की। उन्होंने कहा, "आज का दिन हमारे लिए गर्व का है। जिस तरह हमारे सुरक्षा बलों ने सीमा पर मुस्तैदी दिखाई है, वह काबिले तारीफ है। हम उन शहीदों को नमन करने आए हैं जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता।"शहीद परिवारों की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को उनके साथ मजबूती से खड़ा रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहायता राशि और अन्य सुविधाएं बिना किसी प्रशासनिक देरी के सीधे परिवारों तक पहुंचनी चाहिए। बिट्टा ने युवाओं से अपील की कि वे इन वीरों के जीवन से प्रेरणा लें और देश सेवा को ही अपना सर्वोपरि धर्म मानें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित