चंडीगढ़ , मार्च 23 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शहीदी दिवस पर महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि 23 मार्च भारतीय इतिहास का गौरवपूर्ण दिन है, जो हमें भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के अद्वितीय बलिदान की याद दिलाता है।

उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया, जो आज भी प्रेरणादायक है। शहीदों की शहादत हमें सिखाती है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और देशहित में किया गया हर त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनता है।

आरती सिंह राव ने कहा कि वर्तमान समय में शहीदों के आदर्शों को अपनाना बेहद जरूरी है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित