हुसैनीवाला , अगस्त 15 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को हुसैनीवाला में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी जीवन यात्रा, विचारधारा और सर्वोच्च बलिदान पंजाब सरकार के हर फैसले का मार्गदर्शन करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शहीदों के सपनों के अनुरूप एक स्वतंत्र, प्रगतिशील और समृद्ध पंजाब के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने देश और इसके लोगों के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। हुसैनीवाला की यह पवित्र धरती प्रत्येक देशवासी के लिए श्रद्धा का केंद्र है, जहां अंग्रेजों ने इन महान शहीदों के बलिदान के बाद उनके पार्थिव अवशेषों का अंतिम संस्कार भी उचित सम्मान के बिना किया था। यह स्थान आज भी देश के युवाओं को राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है।

श्री मान ने कहा कि 23 वर्ष की छोटी आयु में देश को ब्रिटिश साम्राज्यवाद की गुलामी से मुक्त कराने के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले भगत सिंह का बलिदान हमेशा राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से शहीद भगत सिंह के पदचिह्नों पर चलने और भारत को प्रगतिशील एवं समृद्ध देश बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह की कम उम्र में दी गयी शहादत ने देश के युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया और अंततः देश की आजादी का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन और विचार लाखों युवाओं को देश के लिए निस्वार्थ सेवा करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हुसैनीवाला हेरिटेज कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इस परियोजना पर 24.99 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे।यह परियोजना महान शहीदों को सम्मान देने तथा स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल हुसैनीवाला का विकास करना नहीं, बल्कि इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना भी है। हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

परियोजना की विशेषताओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसर में भव्य हेरिटेज प्रवेश द्वार बनाया जायेगा। शहीदों के जीवन को समर्पित दोनों ओर हेरिटेज कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे तथा दीवारों पर चित्रकारी के अलावा पार्कों और स्मारक क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण एवं लैंडस्केपिंग की जायेगी।उन्होंने कहा कि परिसर में ऐतिहासिक घटनाओं और महान व्यक्तित्वों को विषयगत रूप से प्रदर्शित किया जायेगा। पुराने पुल पर ऐतिहासिक घटनाओं को दर्शाने के लिए 3-डी मैपिंग शो की व्यवस्था होगी तथा म्यूजिकल फाउंटेन भी स्थापित किया जायेगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार हेरिटेज कॉम्प्लेक्स में बच्चों के लिए विशेष खेल क्षेत्र, वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन एवं आरामदायक स्थान, ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र और स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ प्लांट की सुविधा भी उपलब्ध करायी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना शहीदों की गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और बलिदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित