बैतूल , अगस्त 14 -- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बैतूल जिले में देशभक्ति और सेवाभाव का अनूठा उदाहरण सामने आया, जब 'रक्तांजलि-एक रक्तदान, राष्ट्र के नाम' अभियान के तहत गुरुवार को जेएच कॉलेज ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शहीदों की स्मृति में आयोजित शिविर में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए 400 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं एवं अन्य रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चले शिविर में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों और समाजसेवियों ने भागीदारी की।
इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य सुधाकर पवार, विकास मिश्रा, विक्रम वैद्य और कृष्णा गायकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में सहायक कलेक्टर पुष्पराज खोट, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे, जिला खनिज अधिकारी मनीष पालेवाल, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक धीरज मंडलेकर, जिला श्रम पदाधिकारी धमदीप भगत, जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े, एनआरएलएम प्रबंधक सतीश पवार और जिला ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अंकिता सीते सहित कई अधिकारियों ने रक्तदान किया।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने रक्तदाताओं को प्रशंसा प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए वीर जवानों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उनकी स्मृति में रक्तदान करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। रक्तदान से किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में योगदान दिया जा सकता है। जिला ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अंकिता सीते ने रक्तदान को पुनीत कार्य बताते हुए स्वस्थ नागरिकों से नियमित अंतराल पर रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में युवाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के संकल्प के साथ रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने कहा कि देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों की स्मृति में किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान करना सच्ची श्रद्धांजलि है। अभियान ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा, समर्पण और देशभक्ति की भावना को मजबूत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित