अलवर , जून 16 -- राजस्थान के अलवर में नगर निगम द्वारा मंगलवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर में राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने लाभार्थियों को 25 पट्टों का वितरण किया।

इस दौरान उन्होंने शिविर में लोगों की शिकायतें और परिवेदनाएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से समाधान के निर्देश दिये। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। सबसे अधिक मामले पट्टों, बिजली व्यवस्था और सड़कों से संबंधित रहे। श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाये गये हैं, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती करके मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। शिविर में भवन निर्माण स्वीकृति, भूमि उपयोग परिवर्तन, अग्नि अनापत्ति प्रमाण पत्र, निर्माण शाखा, सफाई व्यवस्था, विवाह पंजीयन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बिजली विभाग और जलदाय विभाग सहित कई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आमजन की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाये और किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर 15 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों के समय और संसाधनों की बचत हो सके।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों का निस्तारण कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित