कोटा , जून 29 -- राजस्थान में कोटा में शहरी सेवा शिविर में राज्य सरकार की विभिन्न प्रकार की छूट का लाभ आमजन को मिल रहा है।

शहरी सेवा शिविर में बकाया नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) जमा करवाने पर जुर्माने में छूट का लाभ उठाते हुए सोमवार को एक प्रतिष्ठान द्वारा 80 लाख 65 हजार रूपए का कर जमा करवाया गया।

आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि शहरी सेवा शिविर में राज्य सरकार ने बकाया समस्त नगरीय विकास कर एकमुश्त जमा करवाने पर ब्याज में शत-प्रतिशत की छूट दी है। इसी का लाभ लेते हुए एक प्रतिष्ठान द्वारा सोमवार को 80 लाख 65 हजार रूपए का कर जमा करवाया गया। इससे उन्हें 14 लाख 43 हजार रुपए से अधिक की राहत मिली।

श्री मेहरा ने ऐसे सभी व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों जो नगरीय विकास कर के दायरे में आते हैं, उनसे आग्रह किया है कि वे भी छूट का लाभ उठाते हुए अपना बकाया नगरीय विकास कर 15 जुलाई से पहले जमा करवाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित